नोएडा। उत्तरप्रदेश के नोएडा में महिला से बदसलूकी करने वाले श्रीकांत त्यागी अभी भी पुलिस की पहुंच से बाहर है। लेकिन त्यागी के अवैध निर्माण पर अब नोएडा अथॉरिटी की टीम ने हथौड़ा चला दिया है।
टीम ने उसके फ्लैट के आसपास किए अवैध निर्माण को हथौड़े और बुलडोजर की मदद से तोड़ दिया है। त्यागी की तलाश में अभी भी पुलिस पड़ी हुई है। लेकिन त्यागी पुलिस के हाथ से बाहर है।
बता दें कि आरोपी त्यागी ने अपने फ्लैट के आस-पास अवैध निर्माण कर रखा था। आरोप है कि खुद को बीजेपी नेता बताने वाला श्रीकांत त्यागी सोसाइटी का मेटेनेंस चार्ज भी नहीं देता था और अथॉरिटी के नोटिस को अपने रसूख से रुकवा देता था।
श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण की शिकायत 2019 से सोसाइटी में रहने वाले लोग कर रहे थे, लेकिन अपने रसूख के चलते वह कब्जा हटाने को तैयार नहीं था। लेकिन आज जब उसका अवैध निर्माण हटाया गया तो सोसाइटी में रहने वाली महिलाओं ने तालियां बजाकर नोएडा अथॉरिटी की कार्रवाई का स्वागत किया।
उधर, नोएडा पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने बताया कि श्रीकांत त्यागी पर गैंगस्टर एक्ट लगा दिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है। नोएडा पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा और पीड़िता की सुरक्षा पूरा ध्यान रखा जाएगा।