रायपुर। आज हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए हैं. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जनजातियों की सूची में बृजिया समुदाय को जोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है.
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने बताया कि आज केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में कई जनजातीय समुदायों को अनुसूचित जनजाति की श्रेणी में शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है.
वहीं हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के ट्रांस-गिरी क्षेत्र में हट्टी समुदाय को अनुसूचित जनजाति सूची में जोड़ने के लिए कैबिनेट की मंजूरी मिली है.
साथ ही कैबिनेट ने तमिलनाडु की पहाड़ियों में रहने वाले नारिकुरावर समुदाय को अनुसूचित जनजाति की सूची में जोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी दी. इसके अलावा कैबिनेट बैठक में कई अन्य फैसले भी लिए गए.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि आज कैबिनेट की बैठक में अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व चैंपियनशिप के लिए साइनिंग ऑफ गारंटी की अनुमति दी गई है.
11 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप होने जा रहा है. इसका आयोजन नवी मुंबई, गोवा और भुवनेश्वर में किया जाएगा.