भोपाल। मध्य प्रदेश में हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष के चुनाव में भोपाल से ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसको लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर हमला बोला है। इस तस्वीर में दिग्विजय सिंह ने एक पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ रखा है।
भोपाल में सुबह से ही जिला पंचायत कार्यालय के बाहर हंगामा चल रहा था, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौजूद थे। मंत्री भूपेंद्र सिंह कुछ सदस्यों को अपनी गाड़ी में लेकर पहुंचे थे। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने उन्हें रोक लिया।
हालांकि, बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा कांग्रेस नेताओं को चकमा देकर अंदर घुस गए इसे लेकर कांग्रेसियों ने जमकर हंगामा किया। रामेश्वर शर्मा को बाहर निकालने की मांग को लेकर पुलिसकर्मियों से दिग्विजय सिंह की धक्का-मुक्की हो गई। इसी दौरान सिंह ने पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ लिया।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा भोपाल जिला पंचायत निर्वाचन के दौरान पुलिस अधिकारी से दुर्व्यवहार किए जाने की घटना को शर्मनाक बताया।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को ऐसा व्यवहार शोभा नहीं देता, जिस तरह उन्होंने एक पुलिस अफसर का कॉलर पकड़ा और निर्वाचन स्थल पर धक्कामुक्की की, वह बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मूल चरित्र अपराधीकरण का रहा है। दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री रहे तब उन्होंने अपराधियों को बढ़ावा दिया।
15 महीने कमलनाथ सरकार रही, तब भी प्रदेश में गुंडिज्म हावी था। उन्होंने कहा कि आज कमलनाथ चुनाव से गायब है और पूरा दबाव दिग्विजय सिंह पर रहा, इस कारण भी दिग्विजय सिंह हार की खीज के कारण गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह से पूछा कि चुनाव में हार जीत चलती है, लेकिन कानून हाथ में लेने का अधिकार आपको किसने दिया ?