Mahtari Vandan Scheme: Sad news about the government's ambitious Mahtari Vandan scheme...! Fight over money...then the husband killed his wifeMahtari Vandan Scheme
Spread the love

कोरबा, 08 अक्टूबर। Mahtari Vandan Scheme : छत्तीसगढ़ में सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना को लेकर एक दुखद खबर सामने आई है। इस योजना के कारण महिला को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। क्योंकि महतारी वंदन योजना की राशि के लिए उसके पति ने उसकी हत्या कर दी। ये पूरा मामला जिला मुख्यालय से 100 किलोमीटर दूर पसान थाना क्षेत्र का है।

मुक्का मारकर की हत्या

ग्राम सैला निवासी महिला सुन्नी बाई ने महतारी वंदन योजना के तहत मिले पैसों की मांग अपने पति से की। पति ने कहा कि पैसे बचे नहीं है, सब खत्म हो गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद पति ने सुन्नी बाई की बेरहमी से मुक्का मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।

पुलिस के मुताबिक पूरा मामला जिले के वनांचल क्षेत्र पसान थाना का है। सैला निवासी सुन्नी बाई को महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रुपए मिलते थे। 5 अक्टूबर को महतारी वंदन योजना की राशि सुन्नी बाई और उसके पति महिपाल धुनुहार उर्फ महिलाल ने बैंक से निकाला। इसके बाद दोनों ने इसमें से 200 रुपए खर्च करके शराब खरीदा और एक साथ पी। इसके बाद सुन्नी बाई ने पति से बचे हुए 800 रुपए मांगे। पति ने कहा कि पैसे मेरे पास नहीं है, सब खर्च हो गए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आक्रोशित पति ने मुक्के से पत्नी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट पहुंचाई। जिससे उसकी मौत हो गई।

अस्पताल में हुई सुन्नी बाई की मौत

मारपीट के बाद सुन्नी बाई अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 के जरिए ही सुन्नी बाई को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 6 अक्टूबर की शाम को पुलिस को शॉर्ट पीएम रिपोर्ट मिली। जिसमें हत्या की बात का जिक्र था। इसके आधार पर ही अगले दिन पुलिस ने 7 अक्टूबर को पत्नी के हत्या के आरोप में महिपाल धनुहार उर्फ महिलाल को गिरफ्तार (Mahtari Vandan Scheme) कर लिया। पुलिस के अनुसार महिपाल ने हत्या करना स्वीकार किया है।