Pooja Thapak Suicide :अब और बर्दाश्त नहीं होता, मैं मर रही हूं…! मंत्री की PRO सुसाइड केस में पति अरेस्ट…सास फरार

Spread the love

भोपाल, 05 अगस्त। Pooja Thapak Suicide Case : मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल की पूर्व जनसंपर्क अधिकारी पूजा थापक के खुदकुशी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के आरोपी पति निखिल दुबे को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।जबकि आरोपी सास आशा दुबे अभी भी फरार चल रही हैं।

बता दें कि पूजा थापक जनसंपर्क विभाग में असिस्टेंट डायरेक्टर थीं, उनके पति निखिल दुबे नायब तहसीलदार हैं। पूजा थापक की आत्महत्या को लेकर उनके पति और सास पर कई गंभीर आरोप लगे हैं, जिसके चलते पुलिस दोनों की तलाश में है। ये दोनों पिछले 25 दिनों से फरार थे।

पति और सास पर ये हैं आरोप

बता दें कि पीआरओ पूजा थापक ने बीते 9 जुलाई को भोपाल के साकेत नगर स्थित उनके घर में खुदकुशी की थी। जिसके बाद उनके पति और सास के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, दहेज हत्या और खुदकुशी के लिए मजबूर करने जैसी धाराओं के साथ मामला दर्ज किया गया था। तभी से गोविंदपुरा पुलिस इन दोनों की तलाश में थी।

दोस्त के घर में छिपा था आरोपी पति

बताया जा रहा कि आरोपी पति निखिल दुबे (Pooja Thapak Suicide Case) दिल्ली में दोस्त के घर में छिपा था। पुलिस के मुताबिक, निखिल के लोकेशन को ट्रेस कर उसे दिल्ली से पकड़ा गया। जिसके बाद रविवार को पुलिस उसे लेकर भोपाल पहुंची। जहां शाम को उसे न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल, कोर्ट के आदेश के बाद आरोपी निखिल दुबे को जेल भेज दिया गया है। वहीं पूजा थापक की सास और निखिल दुबे की मां आशा दुबे की तलाश लगातार जारी है।

बता दें कि, पति-पत्नी के बीच इससे पहले कई बार विवाद हुए। उस दौरान पति-पत्नी की काउंसलिंग कराई जा चुकी थी। पति निखिल दुबे पत्नी से मारपीट करता था। पत्नी परिवार बचाने की खातिर प्रताड़ना सहती रही। आत्महत्या से पहले पूजा ने अपनी मां को मोबाइल पर कॉल करके कहा था “अब और बर्दाश्त नहीं होता, मैं मर रही हूं।” इसके अलावा बहन को भी मोबाइल पर मैसेज कर आत्महत्या की बात लिखी थी। पुलिस ने पति निखिल और सास आशा दुबे के खिलाफ केस दर्ज किया है।