भिलाई। दक्षिण अफ्रीका निवासी एक युवक व उसके दोस्त को महिला से छेड़छाड़ व मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। विदेशी युवक एजुकेशन वीजा पर भारत आया था।
वह अपने दोस्त के साथ काफी दिनों से दुर्ग स्थित मालवा होटल में रह रहा था। पुलिस का कहना है कि वह गिरफ्तार युवक का पासपोर्ट वीजा भी चेक कर रही है। यदि वह गलत पाया गया तो उसको लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग निवासी 38 वर्षीय महिला ने उसके साथ छेड़छाड़ व मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह मालवा होटल के पास रहती है। पास ही एक दुकान है जिसपर कब्जे को लेकर उसका पारिवारिक विवाद चल रहा था।
एसडीएम कोर्ट से महिला को दुकान का हक मिल गया था। इसके बाद महिला 2 जून की शाम दुकान का ताला तोड़ने गई थी। जब महिला ताला तोड़ने पहुंची तो वहां अभिजीत झा पहुंच गया।
उसने महिला को ताला तोड़ने से मना किया। जब महिला नहीं मानी तो वह उसे गंदी गंदी गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं उसने महिला से छेड़छाड़ करते हुए उसकी कुर्ती फाड़ दिया।