Spread the love

रायपुर, 21 अक्टूबर। BJP के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने पर अपने ही घर में डकैती करने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं उनके बड़े भाई जगदीश उपासने ने उनपर थप्पड़ जड़ दिया। जगदीश देश के सीनियर जर्नलिस्ट हैं, भोपाल में स्थित माखनलाल युनिवर्सिटी के कुलपति रह चुके हैं। पुश्तैनी मकान में जबरन घुसने की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच ये विवाद उपजा। जगदीश उपासने ने इस घटना का वीडियो और जानकारी अपने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट की है।

घटना 20 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे के आस-पास की है। सच्चिदानंद और जगदीश 92 साल की रजनी ताई के बेटे हैं। रजनी ताई का नाता RSS से रहा है। वो रायपुर की पूर्व विधायक हैं। रायपुर के टिकरापारा थाना इलाके में हरचंद राय पेट्रोल पंप के पास मेन रोड में इनका मकान है। इसी मकान से ये विवाद जुड़ा हुआ है। बीते दो ढाई सालों से यहां सच्चिदानंद नहीं रहते हैं। उन्होंने दूसरा मकान बना लिया वहीं शिफ्ट हो गए। मगर उनका दफ्तर यहीं है। इसी दफ्तर में वो परिवार के लोगों को बिना बताए ताला तोड़कर सामान निकलवा रहे थे। विवाद इसी बात पर हो गया। इस विवाद पर सच्चिदानंद उपासने ने मीडिया में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

जगदीश उपासने का कहना है कि, ये घर हमारी आई (मां) का है। सच्चिदानंद यहीं रहते थे। बीते कुछ समय से वो यहां नहीं रहते कहीं और बंगला बना लिया उन्होंने। अचानक 8-10 लोगों को लेकर आए और शटर का ताला तुड़वाकर सामान निकलवाने लगे। वो इसे पहले दफ्तर के रूप में इस्तेमाल करते थे। मैंने कहा तुम अपने ही घर में इस तरह ताला तोड़कर क्यों घुस रहे हो। चाबी ले सकते थे। अपनी मां से मिल सकते थे। तीन साल से बूढ़ी मां तो देखा तक नहीं।

जगदीश उपासने ने आगे कहा- इस तरह से ताला तोड़कर घुसना ये तो कानूनन डकैती है। मैं सिक्योरिटी की मांग करूंगा छत्तीसगढ़ सरकार से मेरी मां की उम्र 92 साल है। उनका दाहिना कंधा टूटा हुआ है। वो ये सब जानकर दुखी हो जाएंगी। वो उठ-बैठ नहीं पातीं। आज जो घर में ताला तोड़कर यूं घुस रहे हैं कल को मुझे, मेरी मां को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

जगदीश उपासने ने सोशल मीडिया पर लिखा- यह छत्तीसगढ़ है! सत्तारूढ़ भाजपा के दो स्थानीय नेता आज 20 अक्तूबर सुबह 10.30 बजे भाजपा और उसके पूर्वाश्रम जनसंघ की वरिष्ठ नेत्री, रायपुर नगर की पूर्व विधायक 92 वर्षीय रजनी ताई उपासने के घर-आफिस के ताले तोड़कर किस तरह उनके घर में दिन-दहाडे डकैती डाल रहे हैं!! इनमें एक नेता, आलोक श्रीवास्तव भाजपा के किसी प्रकोष्ठ का उपाध्यक्ष है तो दूसरा, पार्टी की सब मदद के बावजूद दो-दो चुनाव हार चुका है और अब जैसा कि पार्टी के जानकार बताते हैं, सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वाले कुख्यात “बिहारी गैंग” का मुखौटा है।

जगदीश आगे लिखते हैं- दलाल और आपराधिक प्रवृत्ति के ऐसे अनेक लोग विष्णुदेव सरकार के लोक-कल्याणकारी कार्यों और भ्रष्टाचार के विरुद्ध उनकी मुहिम को पलीता लगा रहे हैं। ताले तोड़ने के लिए कारीगर लाने वाला काला कुर्ता पहना व्यक्ति भी भाजपा के इन्हीं दुष्टों का संगी-साथी लगता है। इन सबको कानून का कोई डर नहीं क्योंकि छत्तीसगढ़ में कानून का राज सिर्फ बस्तर के नक्सल-पीडित क्षेत्र में केंद्र सरकार की मदद से कायम है!

रायपुर की पहली महिला MLA रजनी ताई

रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई जगदीश और सच्चिदानंद उपासने की मां रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने हैं। 92 साल की रजनी ताई आज भले ही शरीर से कमजोर हैं। मगर एक वक्त था जब राजनीति में उनकी दमदारी की चर्चा दिल्ली तक थी। साल 2020 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन किया था उनका हाल-चाल पूछा था। ताई 1977 में रायपुर विधानसभा सीट से विधायक चुनी गई थीं।