Budget Reaction : कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल का आरोप…! मोदी सरकार का बजट मध्यम वर्ग के लिए छलावा…यहां सुनें Video

Spread the love

रायपुर, 01 फरवरी। Budget Reaction : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने संसद में पेश किए गए आम बजट 2026-27 को पूरी तरह निराशाजनक और जनविरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट न तो निम्न मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग की उम्मीदों पर खरा उतरता है और न ही महंगाई पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस रोडमैप पेश करता है।

प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग को टैक्स स्लैब या अन्य रियायतों के नाम पर कोई वास्तविक राहत नहीं दी गई। वेतनभोगी वर्ग आज भी भारी टैक्स बोझ और घटती बचत से जूझ रहा है, लेकिन सरकार ने उनकी परेशानियों को नजरअंदाज किया है।

महंगाई पर चुप्पी

उन्होंने कहा कि पूरे बजट भाषण में महंगाई को काबू में करने के लिए किसी प्रभावी कदम का उल्लेख नहीं है। खाद्य पदार्थों और आवश्यक सेवाओं की बढ़ती कीमतों से आम आदमी की कमर टूट चुकी है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर मौन है।

शेयर बाजार से मिली निराशा की तस्वीर

कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि बजट के बाद शेयर बाजार की प्रतिक्रिया ने निवेशकों की निराशा को साफ दिखा दिया है। एसटीटी (STT) में बढ़ोतरी और कैपिटल गेन्स टैक्स को लेकर अनिश्चितता ने निवेशकों के भरोसे को कमजोर किया है।

‘विकसित भारत’ का खोखला दावा

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ‘विकसित भारत’ के नाम पर केवल आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत में बेरोजगारी और आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है।

छत्तीसगढ़ की उपेक्षा

कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि बजट में छत्तीसगढ़ के लिए कोई ठोस घोषणा नहीं की गई। एक बार फिर यह साबित हो गया कि भाजपा सरकार के लिए छत्तीसगढ़ केवल संसाधनों के दोहन का केंद्र है, विकास का नहीं।
उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य की जनता की उपेक्षा का जवाब समय आने पर दिया जाएगा।

कुल मिलाकर कांग्रेस नेता ने इस बजट को “अमीर समर्थक और गरीब विरोधी” बताते हुए कहा कि देश का मध्यम वर्ग और छत्तीसगढ़ की जनता इस दिशाहीन बजट को कभी स्वीकार नहीं करेगी।