रायपुर, 01 फरवरी। CG Elections Victory : नगरीय निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों जोर लगा रही हैं। जनता किसको मौका देगीे ये तो 11 फरवरी को वोटिंग के रुप में दर्ज होगा, लेकिन उससे पहले भी BJP ने बिना वोटिंग के 1-2 नहीं बल्कि 8 सीटें जीत लीं।
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में नाम वापसी का शुक्रवार 31 जनवरी आखिरी दिन रहा। 11 फरवरी को वोटिंग और 15 फरवरी को इसके नतीजे आ जाएंगे। लेकिन इससे पहले ही नगर पंचायत बसना में बीजेपी अध्यक्ष पर काबिज हो गई। इसके अलावा अलग-अलग जगह 7 पार्षद पदों पर भी बीजेपी उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।
नाम वापसी के आखिरी दिन कांग्रेस को झटके
नाम वापसी के आखिरी दिन फिर कांग्रेस को झटके लगे हैं। महासमुंद जिले में बसना नगर पंचायत में भाजपा की प्रत्याशी डॉ. खुशबू अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं। कांग्रेस की तुलसी गौतम बंजारा के अलावा AAP और एक निर्दलीय ने नाम वापस ले लिया।
वहीं, शुक्रवार को रायगढ़ नगर निगम से 2 पार्षद प्रत्याशी, लोरमी नगर पालिका से भी 2 पार्षद प्रत्याशी और भिलाई से एक बीजेपी पार्षद कैंडिडेट निर्विरोध जीत गए हैं। रायगढ़ में इस दौरान कांग्रेस-बीजेपी में विवाद के भी हालात बने।
महापौर पद के लिए 109, अध्यक्ष पद के लिए 816 कैंडिडेट हैं। पार्षद पद के लिए 10 हजार से ज्यादा लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। इससे पहले कल, धमतरी में कांग्रेस मेयर कैंडिटेट विजय गोलछा और विश्रामपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो चुका है। रायगढ़ नगर निगम के 2 बीजेपी पार्षद प्रत्याशी पूनम सोलंकी और नारायण पटेल को वॉकओवर मिला है।
रायगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच उस समय विवाद के हालात बने जब वार्ड 23 के पार्षद पद के कांग्रेस प्रत्याशी शरद महापात्रे भाजपा नेताओं के साथ नामांकन वापस लेने पहुंचे थे।
बीजेपी को यहां से मिली जीत
बसना नगर पंचायत- भाजपा की प्रत्याशी डॉ. खुशबू अग्रवाल निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं। यहां कांग्रेस के अलावा बाकी दलों और निर्दलियों ने भी नाम वापस ले लिया।
बिलासपुर निगम वार्ड नंबर 13- कांग्रेस उम्मीदवार श्याम पटेल ने नामांकन फॉर्म के साथ जाति प्रमाण पत्र जमा नहीं किया। इससे नामांकन निरस्त हो गया और बीजेपी प्रत्याशी रमेश पटेल को वॉकओवर मिल गया।
कटघोरा नगर पालिका में 2 जगह- वार्ड नंबर 13 में भाजपा प्रत्याशी का एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल ही नहीं किया।इसी तरह कटघोरा के ही वार्ड-18 में भी बीजेपी को ही वॉकओवर मिला। यहां कांग्रेस प्रत्याशी ने बुधवार को नामांकन वापस ले लिया।
दुर्ग नगर निगम वार्ड नंबर 21- कांग्रेस प्रत्याशी मीरा सिंह ने नामांकन वापस लिया। इससे भाजपा प्रत्याशी विद्यावती सिंह बिना वोटिंग ही जीत गईं। इस वार्ड से भी किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं भरा था।
रायगढ़ नगर निगम में 2 जगह- वार्ड नंबर 18 से कांग्रेस प्रत्याशी शीला साहू के नाम वापस लेने के बाद भाजपा उम्मीदवार पूनम सोलंकी निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। वार्ड नंबर 45 से भी पार्षद पद के कांग्रेस प्रत्याशी खिरीलाल सिंह ठाकुर ने भी नाम वापस लिया। इससे भाजपा प्रत्याशी नारायण पटेल जीत गए।
भिलाई नगर निगम, वार्ड नंबर 35- कांग्रेस कैंडिडेट मनोज सिन्हा के नाम वापस लेने से भाजपा उम्मीदवार चन्दन यादव जीते।
लोरमी नगर पालिका- वार्ड क्र. 10 से भाजपा प्रत्याशी धारणी देवी और वार्ड क्र. 17 से भीखम शिवशंकर यादव निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुए हैं।
49 नगर पालिकाओं में भी होगी वोटिंग
49 नगर पलिका परिषदों में अध्यक्ष और पार्षदों का चुनाव होगा। बीजापुर, किरन्दुल, बड़ी-बचेली, दंतेवाड़ा, सुकमा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, कवर्धा, पण्डरिया, कुम्हारी अहिवारा, अमलेश्वर, दल्लीराजहरा, बालोद, बेमेतरा, डोंगरगढ़, महासमुंद बागबाहरा, सरायपाली, तिल्दा-नेवरा, गोबरा-नवापारा, आरंग, अभनपुर, मंदिर-हसौद, गरियाबंद, बलौदाबाजार, भाटापारा, सिमगा, तखतपुर, रतनपुर, बोदरी, गौरेला, पेण्ड्रा, मुंगेली लोरमी, खरसिया, जांजगीर-नैला, चांपा, अकलतरा, सक्ती, दीपिका, कटघोरा, बांकी-मोंगरा, बलरामपुर, रामानुजगंज, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़ और जशपुरनगर शामिल हैं।
114 नगर पंचायतों में होगा चुनाव
114 नगर पंचायतों के लिए जहां वोटिंग होनी है , उसमें गीदम, बारसूर, दोरनापाल, बस्तर, फरसगांव, केशकाल, भानुप्रतापपुर, चारामा, पखांजूर, अंतागढ़, बोड़ला, पांडातराई, सहसपुर-लोहारा, पिपरिया, इंदौरी, धमधा, पाटन, उतई, डौंडी, डौंडीलोहारा, चिखलाकसा, गुरूर, अर्जुन्दा, गुंडरदेही, नवागढ़, साजा, बेरला, थानखम्हरिया शामिल है। इसी प्रकार देवकर, परपोड़ी, दाढ़ी, भिंभौरी, कुसमी, डोंगरगांव-छुरिया, लालबहादुर नगर, गण्डई, छुईखदान, अंबागढ़-चौकी, कुरूद में वोटिंग होगी।
इसके अलावा मगरलोड, नगरी, भखारा, आमदी, पिथौरा, बसना, तुमगांव, खरोरा, माना कैम्प, कुरा, चन्द्रखुरी, समोदा, राजिम, छुरा, फिगेंश्वर, कोपरा, देवभोग, कसडोल, पलारी, लवन, टुण्डा, रोहांसी, कोटा, बिल्हा, मल्हार, मरवाही, पथरिया शामिल है, जहां निर्वाचन किया जाएगा। सरगांव, बेरला, जरहागांव, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, लैलूंगा, किरोड़ीमल नगर, पुसौर, बलौदा, खरौद, शिवरीनाराण, सारागांव, नवागढ़, राहौद, पामगढ़, नरियरा, डभरा, जैजैपुर, नयाबाराद्वार, अड़भार, चन्द्रपुर, पाली, छुरीकला, सीतापुर, लखनपुर, कुसमी, राजपुर, वाड्रफनगर, विश्रामपुर, प्रतापपुर, जरही, भटगांव, पटना, झगराखंड, खोंगापानी, नई लेदरी, जनकपुर, पत्थलगांव, कोतबा, बगीचा और कुनकुरी में भी वोटिंग होगी।
यहां उप-चुनाव होगा
जिला दुर्ग के नगरपालिक निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 24 और वार्ड क्रमांक 35
नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के वार्ड क्रमांक 32
नगरपालिक निगम रिसाली के वार्ड क्रमांक 34
बस्तर संभाग, जिला सुकमा में नगर पंचायत कोन्टा के वार्ड क्रमांक 13 में उप चुनाव होगा
यहां 2026 में होगा चुनाव प्रदेश में कुल 192 नगरीय निकाय है, जिनमें से 19 नगरीय निकायों में साल 2026 में चुनाव होना है। जिसमें 4 नगर निगम बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली शामिल है। इसी प्रकार 5 नगरपालिका परिषद, सारंगढ़, बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा, जामुल और खैरागढ़ शामिल है।
इसी प्रकार 10 नगर पंचायत बम्हीनीडीह, प्रेमनगर, शिवनंदनपुर, पलारी, मारो, घुमका, कोंटा, नरहरपुर, भैरमगढ़ और नगर पंचायत भोपालपट्टनम शामिल है, जहां 2026 में मतदान कराया जाएगा।