नई दिल्ली, 20 फरवरी। CM Rekha Gupta : दिल्ली में आज से बीजेपी की सरकार का आगाज होने जा रहा है। एक दिन पहले ही बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को नेता चुना गया था। दिल्ली की नई सरकार के शपथग्रहण में मुख्यमंत्री के साथ छह मंत्री भी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। मंत्रियों के नाम भी सामने आ गए हैं। मंत्रियों की लिस्ट में मुख्यमंत्री की रेस में शामिल रहे प्रवेश वर्मा और आशीष सूद के साथ ही मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज सिंह औऱ रविंद्र राज के नाम शामिल हैं।
दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे 6 नामों की लिस्ट में सबसे पहला नाम प्रवेश वर्मा का है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश वर्मा दिल्ली चुनाव में विधानसभा पहुंचे बीजेपी के बड़े चेहरों में से एक हैं। वह नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और सीएम कैंडिडेट रहे अरविंद केजरीवाल को हराकर विधानसभा पहुंचे हैं। अरविंद केजरीवाल को पटखनी देकर विधानसभा पहुंचने की वजह से प्रवेश को सीएम के लिए मजबूत दावेदार बताया जा रहा था। अब वह रेखा गुप्ता कैबिनेट में मंत्री बनने जा रहे हैं।
प्रवेश वर्मा
47 साल के प्रवेश वर्मा जाट वर्ग से आते हैं। प्रवेश वर्मा नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल को 4089 वोट के अंतर से हराकर दिल्ली विधानसभा पहुंचे हैं। प्रवेश वर्मा पहली बार 2013 के दिल्ली चुनाव में मेहरौली सीट से विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। तब प्रवेश वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी के नरिंदर सिंह सेजवाल को 4564 वोट के अंतर से हराया था। 2014 और 2019 के आम चुनाव में प्रवेश वर्मा साउथ दिल्ली सीट से सांसद भी रहे। 2014 में प्रवेश वर्मा 2 लाख 68 हजार वोट से अधिक के अंतर से जीते थे जबकि 2019 में उनकी जीत का अंतर 5 लाख 78 हजार वोट से अधिक का रहा था।
प्रवेश वर्मा ने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन के बाद एमबीए किया है। उनकी पत्नी स्वाति सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश बीजेपी के कद्दावर नेता रहे विक्रम वर्मा की बेटी हैं। प्रवेश वर्मा बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और केशवपुरम के शाखा प्रमुख भी रहे हैं। बीजेपी से राजनीतिक सफर का आगाज करने वाले प्रवेश वर्मा भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे हैं। अल्पसंख्यकों को लेकर अपने बयानों से विवादों में भी रहे।
मनजिंदर सिंह सिरसा
बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा राजौरी गार्डेन विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार धनवती चंदेला को 18190 वोट से हराकर विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए हैं। दिल्ली के बड़े सिख नेताओं में गिने जाने वाले सिरसा शिरोमणि अकाली दल में थे और दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष भी रहे। सिरसा 2013 और 2015 के दिल्ली चुनाव में राजौरी गार्डेन सीट से विधायक निर्वाचित हुए थे लेकिन 2020 में उन्हें मात मिली थी। सिरसा ने साल 2021 में बीजेपी जॉइन कर ली थी। कभी बादल परिवार के करीबियों में शुमार रहे सिरसा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के राजनीतिक सलाहकार के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
पंजाब और राजस्थान की सीमा पर स्थित सिरसा से आने वाले मनजिंदर सिंह सिरसा साल 1991 में दिल्ली आए थे और साल 2007 में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के संयुक्त उम्मीदवार के रूप में एमसीडी इलेक्शन से चुनावी डेब्यू किया था। तब वह पंजाबी बाग वार्ड से पार्षद निर्वाचित हुए थे। सिरसा ने दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री गुरु तेगबहादुर खालसा कॉलेज से बीए (ऑनर्स)में दाखिला लिया था। हालांकि, उन्होंने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी और रियल इस्टेट के बिजनेस में उतर गए।
ये 6 नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ
सीएम के साथ प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह भी आज मंत्री पद की शपथ लेंगे।