Farmers-Soldiers-Constituent Assembly : रायपुर में होगी किसान-जवान-संविधान सभा…! कांग्रेस ने दी लोकतंत्र बचाने की हुंकार…7 जुलाई को रायपुर में ऐतिहासिक जनसभा

Spread the love

रायपुर, 05 जुलाई। Farmers-Soldiers-Constituent Assembly : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी आगामी 7 जुलाई को राजधानी रायपुर में ‘किसान-जवान-संविधान सभा’ का आयोजन करने जा रही है। इस जनसभा को देश के अन्नदाता किसानों, सीमा पर तैनात जवानों और लोकतंत्र की आत्मा संविधान की रक्षा को समर्पित बताया गया है। सभा की तैयारियों को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज की अध्यक्षता में शहर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर के पदाधिकारियों की अहम बैठक संपन्न हुई।

यह सिर्फ राजनीतिक आयोजन नहीं : दीपक बैज

बैठक में बैज ने कहा, “यह सभा एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकतंत्र, किसानों की पीड़ा और जवानों की गरिमा की लड़ाई है। आज जब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कुठाराघात हो रहा है, किसान अनदेखे हो रहे हैं और जवानों की शहादत पर राजनीति की जा रही है, तब कांग्रेस पार्टी देशवासियों को यह स्पष्ट संदेश देना चाहती है कि देश संविधान से चलेगा, सत्ता के घमंड से नहीं।”

जनजागरण के लिए प्रचार वाहन रवाना

बैठक के उपरांत, सभा के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष रूप से सजाया गया प्रचार वाहन कांग्रेस भवन से रवाना किया गया। इसे प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे तथा अनेक वरिष्ठ नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह प्रचार वाहन रायपुर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भ्रमण कर सभा की जानकारी देगा, लोगों को आमंत्रित करेगा और सभा के उद्देश्यों को घर-घर तक पहुंचाएगा।

जनता से ऐतिहासिक भागीदारी का आह्वान

प्रचार के माध्यम से किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, बुद्धिजीवियों और संविधान प्रेमियों से अपील की जा रही है कि वे 7 जुलाई को भारी संख्या में सभा में भाग लें और लोकतंत्र की रक्षा के इस अभियान में अपनी भूमिका निभाएं।

बैठक में बड़ी भागीदारी

इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, प्रतिमा चंद्राकर, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, मदन तालेड़ा, प्रमोद चौबे, महेंद्र छाबड़ा, एजाज ढेबर, सूर्यमणि मिश्रा, महेश शर्मा, कुमार मेनन, ममता राय, अविनय दुबे सहित सैकड़ों पदाधिकारी शामिल थे।

7 जुलाई को रायपुर में आयोजित होने वाली ‘किसान-जवान-संविधान सभा’ कांग्रेस की लोकतांत्रिक मूल्यों (Farmers-Soldiers-Constituent Assembly) के प्रति प्रतिबद्धता और आमजन के साथ संवाद का सशक्त मंच बनने जा रही है। इसमें भागीदारी के माध्यम से जनता अपनी आवाज़ बुलंद करेगी कि भारत की आत्मा उसके संविधान, उसके किसान और उसके जवानों से ही जीवित रहती है।