Gas Cylinder Blast : एक साथ 17 सिलेंडर ब्‍लास्‍ट…! मकान के अंदर से 60 फीट दूर उछलकर गिरे लोग… VIDEO में देखें भयावहता

Spread the love

खंडवा, 28 दिसंबर। Gas Cylinder Blast : मध्य प्रदेश में खंडवा शहर के घासपुरा क्षेत्र स्थित राजेश (राजा) पवार मराठा के मकान में बुधवार रात्रि करीब सवा आठ बजे आग लग गई। मकान में गैस सिलेंडर का अवैध रूप से भंडारण होने से आग बेकाबू हो गई। इसे काबू करने के लिए स्थानीय लोगों के साथ नगर निगम और पुलिस की टीम करीब तीन घंटे जुटी रही।

गैस सिलेंडर में 30 से 35 विस्फोट होने से आसपास के मकानों के भी आग की चपेट में आने की आशंका को देखते हुए क्षेत्र को खाली करवा लिया गया। आग और विस्फोट की चपेट में आने से सात लोग झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनमे से गंभीर घायल दो लोगों को इंदौर रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि राजा पंवार के घर में ही गैस रिफि¨लग का काम होता है। घर में 150 सिलेंडर रखे होने की बात कही जा रही है। झुलसे सतीश विश्वकर्मा ने बताया कि एक पल तो ऐसा लगा कि अब नहीं बचेंगे। ब्लास्ट हुआ तो वह मकान के अंदर से 60 फीट दूर उछलकर रोड पर जा गिरे।

कोतवाली थानाप्रभारी बलराम राठौड़ ने बताया कि सूचना मिलते ही दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर आग को काबू करने का प्रयास किया गया। आग से कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है। आग (Gas Cylinder Blast) लगने की वजह भी स्पष्ट नहीं है। जिम्मेदारों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।