Kerala Mass Murder Case: 5 family members murdered with hammer…! Horrible confession of son's bloody journey...see hereKerala Mass Murder Case
Spread the love

तिरुवनंतपुरम, 26 फरवरी। Kerala Mass Murder Case : केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में मौजूद वेंजारामुडु पुलिस स्टेशन शाम के ठीक सवा 6 बज रहे थे। अमूमन शांत रहने वाले इस इलाके में तभी एक नौजवान पुलिस स्टेशन में दाखिल होता है। थाने में बैठे एक पुलिसवाले को सबसे पहले वो अपना नाम बताता है। अफ्फान, उम्र 23 साल. इसके बाद वो कहता है कि वो अभी कुल 6 कत्ल करके आया है। ये 6 कत्ल उसने सुबह दस बजे से शाम 6 बजे के दरम्यान तीन अलग-अलग इलाकों में तीन घरों में किए हैं। इससे पहले की पुलिस उसकी बातों पर पूरी तरह यकीन करती तभी वो कहता है कि थाने के करीब ही उसका घर है, जहां इस वक्त तीन लाशें पड़ी हैं। 

थाने आने से पहले उसने घर के एलपीजी सिलेंडर का गैस ऑन कर दिया। ताकि तीनों लाशों के साथ घर धमाके में उड़ जाए। इतना सुनते ही वेंजारामुडु थाने की पुलिस फौरन अपनी एक टीम अफ्फान के बताए पते पर भेजती है। कुल चार पुलिस वाले अफ्फान के घर पहुंचते हैं। घर के दरवाजे का ताला तोड़कर पुलिस सबसे पहले किचन में पहुंचती है। पूरे घर में सचमुच गैस की बदबू थी। गैस का नॉब खुला हुआ था। पुलिस उसे फौरन बंद करती है. इसके बाद पुलिस घर के हॉल में पहुंचती है। हॉल में 13 साल के एक बच्चे की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। ये अफ्फान का छोटा भाई था। अब पुलिस हॉल के बराबर के कमरे के पास पहुंचती है. कमरा लॉक था।

केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में हत्या की खौफनाक वारदात

खिड़की के शीशे तोड़कर पुलस कमरे में दाखिल होती है। अंदर एक महिला खून से लथपथ पड़ी थी. पर उसकी सांसें अब भी चल रही थी। ये महिला अफ्फान की मां थी। अब पुलिस इन दोनों को फौरन एंबुलेंस में अस्पताल भेजती है। इसके बाद पुलिस की टीम घर से लौट ही रही थी कि तभी अफ्फान की एक बात अचानक उन्हें याद आई कि इस घर में उसने तीन कत्ल किए हैं। पुलिस की टीम अब दोबारा घर में दाखिल होती है। घर के ऊपरी मंजिल पर पहुंचती है. वहां एक कमरे में खून से लथपथ एक लड़की की लाश पड़ी थी। ये लड़की अफ्फान की गर्लफ्रेंड थी। पुलिस टीम अब अपने सीनियर अफसरों को फोन कर ये बताती है कि अफ्फान ने जो कुछ कहा वो सच है।

अलबत्ता लाशें तीन नहीं बल्कि दो थी. अपने जिस मां को अफ्फान मुर्दा समझ कर चला गया था वो अब भी जिंदा थी। थाने में अफ्फान अब भी मौजूद था। अब सचमुच पुलिस हैरान थी। अफ्फान की जानकारी सही निकली थी। अब पुलिस उससे पूछती है कि बाकी के तीन कत्ल उसने कहां किए और वो लाशें कहां है? अफ्फान बिना घबराए अपने घर से 20 और 25 किलोमीटर दूर दो और घरों का पता देता है। उन इलाकों की पुलिस को फौरन इत्तेला दी जाती है। पहले पते पर जब पुलिस पहुंचती है, तो वहां घर के अंदर 80 साली की एक बुजुर्ग महिला की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। ये अफ्फान की दादी थी। पुलिस आखिरी पते को परखने पहुंचती है। 

वहां घर बंद था। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल होती है। घर के अंदर खून से लथपथ दो लाशें पड़ी थी। लतीफ और उनकी बीवी सजदा की। ये अफ्फान की सगे चाचा-चाची थी. अफ्फान की कही हर बात सच निकली। अब बारी अफ्फान को हिरासत में लेने की थी। वो अब भी इसी थाने में था, लेकिन इससे पहले की पुलिस उसे हिरासत में ले पाती अफ्फान थाने के अंदर ही चूहे मारने वाली दवा पी जाता है। वो इसे अपने साथ लेकर आया था। पुलिस जब उसे गिरफ्तार करने की बात बताती है तब वो कहता है कि वो पहले ही जहर पी चुका है और अब वो भी मरने वाला है। इतना सुनते ही बदहवास पुलिस फौरन उसे गाड़ी में डालकर अस्पताल ले जाती है।

अफ्फान की हालत अब भी गंभीर है। इधर पुलिस उसको अस्पताल में दाखिल कराती है और अब उधर उसके दिए गये बयान के आधार पर 6 नहीं बल्कि 5 कत्ल की कड़ियों को जोड़ना शुरू कर देती है। असल में अफ्फान को ये पता ही नहीं था कि उसकी अम्मी जिंदा बच गई है। इसीलिए उसने थाने में 6 कत्ल करने की बात कही थी। जब पुलिस ने कड़ियों को जोड़ना शुरू किया तो कहानी कुछ यूं सामने आई। 24 फरवरी यानि सोमवार की सुबह ठीक 10 बजे अफ्फान अपनी बाइक पर घर से निकला था। वो घर से करीब 25 किलोमीटर दूर रहने वाली अपनी दादी सलमा बीबी के यहां पहुंचा। दादी घर में अकेली थी। वो एक हथौड़ी लेकर गया था। 

80 साल की दादी कुछ समझ पाती, इससे पहले ही उसने दादी के सिर पर हथौड़ी दे मारी। जब उसे यकीन हो गया कि दादी मर चुकी है तब वो हथौड़ी को साफ कर घर से बाहर निकलता है और फिर से मोटरसाइकिल स्टार्ट कर देता है। अब उसकी अगली मंजिल उसके सगे चाचा लतीफ का घर था। लतीफ उसकी दादी के घर से करीब 5 किलोमीटर दूर अपनी बीवी सजिदा के साथ रहते थे। चाचा के घर पहुंचते ही उसने फिर से हथौड़ी निकाली। इसके बाद उसी हथौड़ी से पहले चाचा लतीफ और फिर चाची सजिदा के सिर पर अनगिनत वार कर उन्हें भी मार डाला। अब फिर से वो हथौड़ी साफ करता है।वापस घर से बाहर आता है और फिर से बाइक स्टार्ट करता है।

25 KM का खूनी सफर और थाने में कबूलनामा

अब उसकी तीसरी और आखिरी मंजिल खुद उसका अपना घर था। अपने घर से दादी और फिर चाचा के घर जाने आने में अफ्फान लगभग 50 किलोमीटर की दूरी तय कर चुका था। जब वो घर पहुंचा, तब शाम करीब चार बजने वाले थे। घर आने के बाद अपनी बाइक पार्क करता है। फिर अपने छोटे भाई अहसान के पास जाता है। 13 साल के अहसान से थोड़ी देर तक बातें करता, जो उसको बाप की तरह प्यार करता था। वो अहसान को बाइक पर बिठा कर घर के करीब एक रेस्त्रां में ले जाता है। असल में अहसान को अरेबियन फू़ड बहुत पसंद था। अफ्फान अहसान को अरेबियन फूड खिलाता है। फिर वापस घर लौट आता है। अब शाम के करीब 5 बज रहे थे। 

घर आने के बाद वो अहसान को प्यार करता है और फिर अचानक वही हथौड़ी निकाल कर अहसान के सिर पर दे मारता है। तब अहसान घर में हॉल में था। इसके बाद अब वही हथौड़ी लेकर अफ्फान पहली मंजिल पर सो रही अपनी अम्मी शाहिदा के कमरे में जाता है। इससे पहले कि उसकी अम्मी जाग पाती, उसी हथौड़े से वो उनके सिर पर भी जोर का वार करता है। जब उसे यकीन हो जाता है कि शाहिदा की मौत हो चुकी है तब वो फिर से नीचे आता है। 23 साल के अफ्फान की एक गर्लफ्रेंड थी। फरशाना वो उसके पड़ोस में ही रहती थी। अब वो फरशाना को फोन मिलाता है और मिलने के लिए घर बुलाता है। थोड़ी ही देर में वो उसके घर पहुंच जाती है।

जैसे ही वो घर में दाखिल होती है, अफ्फान के हथौड़े का अगला और आखिरी शिकार वही बनती है। अब अफ्फान का काम पूरा हो चुका था। घर में तीन लाशें पड़ी थी. इसके बाद वो किचन में जाता है। गैस का नॉब ऑन कर देता है। फिर घर से बाहर निकलता है। दरवाजा बाहर से लॉक करता है। एक बार फिर से अपनी बाइक स्टार्ट करता है। लेकिन इस बार उसके पास हथौड़ा नहीं था। अब बाइक का रुख सीधे वेंजारामुडु पुलिस स्टेशन की तरफ था। जब अफ्फान थाने में दाखिल हुआ तब शाम के ठीक सवा 6 बजे थे। थाने पहुंचते ही उसने 6 कत्ल करने की बात कबूल करते हुए खुद को सरेंडर किया. लेकिन शायद वो सिर्फ सच बताने आया था। 

इरादा सरेंडर का नहीं था। क्योंकि वो अपने साथ चूहे मारने वाली दवा की शीशी जेब में रखकर लाया था। सच बताते ही उसने वही जहर की शीशी अपने मुंह से लगा लिया। सुबह 10 बजे से लेकर शाम 6 बजे के दरम्यान 25 किलोमीटर का सफर तय कर तीन अलग अलग जगहों पर 5 कत्ल करने के पीछे आखिर अफ्फान का मकसद क्या था? केरल पुलिस के मुताबिक इकरार-ए-जुर्म के बाद से ही अफ्फान अस्पताल में है। उससे पूरी पूछताछ होनी अभी बाकी है. लेकिन शुरुआती छानबीन में जो पता चला है उससे ये शक होता है कि शायद उसने ये तमाम कत्ल किसी ड्रग्स के नशे में किए, हालांकि इसकी मेडिकल रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।

वैसे शुरुआती जांच के बाद पुलिस के सामने जो जानकारी आई है उसके हिसाब से अफ्फाक और उसकी गर्लफ्रेंड फरशाना के रिश्तों को लेकर दोनों के ही घरवालों में ना तो कोई विवाद था और ना ही ऐसा लगता है कि उसने इश्क में आकर ये कदम उठाया। तो फिर अफ्फाक ने अपनी गर्लफ्रेंड समेत अपनी अम्मी, छोटे भाई, दादी और चाचा-चाची का कत्ल क्यों किया? अफ्फान का परिवार एक पढ़ा लिखा और माली हालत से मजबूत परिवार था। शहर में एक अच्छा घर है. उसके वालिद गल्फ में काम करते हैं। कुछ वक्त पहले वो भी गल्फ गया था। वहां उसने अपना बिजनेस शुरू किया था। लेकिन कोरोना की वजह से कारोबार रफ्तार नहीं पकड़ पाया। 

इसके बाद में अफ्फान केरल लौट आया. इसी कोरोना के चलते घर की माली हालत भी थोड़ी पहले के मुकाबले खस्ता हो गई थी. कुछ कर्ज भी था। केरल पुलिस के मुताबिक वेंजारामुडु थाने पहुंचने के बाद जिस वक्त अफ्फान ने 6 कत्ल की बात कबूली थी तब एक पुलिस वाले ने उससे इसकी वजह पूछी थी। तब अफ्फान ने इस मास मर्डर की वजह कर्ज और माली हालत को ही बताया था। हालांकि केरल पुलिस उसकी बातों पर यकीन ना करते हुए अब भी असली वजह की तलाश कर रही है। 

फिलहाल पुलिस अफ्फान के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल को भी खंगाल रही है। साथ ही उसके बाकी रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर असली वजह को जानने की कोशिश कर रही है.। केरल पुलिस के मुताबिक एक बार अफ्फान की अस्पताल से छुट्टी हो जाए तो पूछताछ के बाद कत्ल के मकसद का भी खुलासा हो जाएगा। इस बीच अफ्फान की अम्मी अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत बेहद नाजुक है।