सागर, 13 सितंबर। Killer Mother : शहर के गढ़ाकोटा कस्बे में रामबाग वार्ड में अज्ञात कारणों के चलते एक मां ने अपने 10 वर्षीय बेटे का गला घोंट दिया और डेढ़ वर्षीय बेटी को जहर देकर खुद फांसी लगा ली। स्वजन ने जब यह देखा तो तीनों को आनन-फानन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां महिला और उसके बेटे की मृत्यु हो गई।
वहीं डेढ़ वर्षीय बच्ची अभी गंभीर हालत में सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में इलाजरत है। घटना गुरुवार रात की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में मां और बेटे का एक साथ ही पोस्टमार्टम किया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र ने मातम का माहौल है।
महिला की यह दूसरी शादी थी
खबर का खुलासा होते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। महिला के इस खौफनाक कदम के पीछे की वजह सामने नहीं आ पाई है।
पुलिस के अनुसार, गढ़ाकोटा इलाके के राम वार्ड में रहने वाली इस महिला का नाम रानी पटेल है। रानी ने रात में अपने 10 साल के बेटे को जहर दे दिया, जिससे बेटे ने तड़प-तड़प कर जान दे दी। इधर, डेढ़ साल की बेटी परी की हालत नाज़ुक है और उसका इलाज चल रहा है। सबसे चौंकाने वाली वजह है कि दोनों बच्चों को ज़हर देकर मां रानी खुद फांसी के फंदे पर झूल गई।
जब पड़ोसियों को इस बात का पता चला तो आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला के इस कदम का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि महिला जॉइंट फैमिली में रहती थी। आस-पास के लोगों से पता चला कि रानी पटेल की यह दूसरी शादी थी। रानी के पहले पति से दो बच्चे थे। एक बेटा और बेटी दोनों उसके साथ रहते थे।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सागर से FSL की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच कर रही है। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी रजनीकांत दुबे ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना पर मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका के भाई का कहना है कि उन्हें रात 10 बजे दीदी के घर से फोन आया था कि उसने फांसी लगा ली है। जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्हें फांसी लगाने का कोई संकेत नहीं मिला। मृतका के भाई ने कहा कि भांजे के गले पर नाखून के निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या (Killer Mother) का शक है। परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है।