Spread the love

रांची, 11 जून। Minister Alamgir Alam Resigned : मंत्री आलमगीर आलम ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस विधायक के नेता के पद से भी त्याग पत्र दे दिया है। इसको लेकर एक पत्र उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रेषित किया है। आलमगीर आलम के पुत्र तनवीर आलम ने मंत्री से इस्तीफे की पुष्टि की है। तनवीर आलम ने बताया कि जेल मैन्युअल के हिसाब से जेल प्रशासन के माध्यम से उन्होंने अपना त्याग पत्र मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को दिया है।

CM ने पहले ही ले लिया था विभाग वापस

बता दें कि 7 जून यानी दो दिन पहले ही मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने मंत्री आलमगीर आलम से तमाम विभाग वापस ले लिया था और अपने पास ही उनके सभी विभाग रखा है। चंपाई सोरेन की सरकार में आलमगीर आलम ग्रामीण विकास, संसदीय कार्य, ग्रामीण कार्य और पंचायती राज मंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

इसके अलावा आलमगीर आलम ने कांग्रेस विधायक दल के नेता पद से भी इस्तीफा दे दिया है। इस बाबत उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना सीएलपी लीडर पद से इस्तीफा का पत्र भेजा है। वहीं कांग्रेस विधायक दल के नेता पद से भी इस्तीफे देने की पुष्टि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कर दी है। उन्होंने ईटीवी भारत को फोन पर बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम लिखे इस्तीफे की एक कॉपी उन्हें प्राप्त हुई है।

इधर नए मंत्री के नाम पर कांग्रेस की ओर से बुधवार, 12 जून को लोकसभा चुनाव के परिणामों की समीक्षा के साथ ही चर्चा होगी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा है कि चर्चा के बाद ही नए मंत्री के नाम पर कोई निर्णय हो सकेगा।

ED ने किया था गिरफ्तार

उल्लेखनीय है कि आलमगीर आलम को ईडी ने कुछ दिन पूर्व निविदा कार्य आवंटन घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया था। उनके सचिव संजीव कुमार लाल के ठिकाने से ईडी ने 35 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी बरामद की थी। आलमगीर आलम अभी जेल में हैं। ईडी ने इस जांच में कई गड़बड़ियां पकड़ी हैं।जिसमें टेंडर मैनेज करने से लेकर कमीशन तक के खेल में मंत्री आलमगीर आलम की संलिप्तता बताई जा रही है। हालांकि मंत्री पूरे मामले में खुद को निर्दोष बताते रहे हैं।

नए मंत्रियों की रेस में ये है शामिल

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, नए मंत्रियों की रेस में जामताड़ा के विधायक डा. इरफान अंसारी, महगामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह सहित कुछ नामों पर चर्चा चल रही है। इसके लिए लॉबिंग भी जोरशोर से जारी है। किसी वरीय विधायक को ही आलमगीर आलम के इस्तीफे से रिक्त पद पर मौका दिए जाने की पूरी संभावना है।