फिरोजाबाद, 20 जून। Murder of Wife : हरियाणा के फरीदाबाद में यूपी के एक कपड़ा कारोबारी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। फिर उसने अपने पिता के साथ मिलकर रात में घर के बाहर सड़क के बीचों-बीच 5 फीट गहरा सीवरेज का गड्ढा खोद दिया। शव को उसमें दफना दिया। शक से बचने के लिए उसने थाने जाकर पत्नी के लापता होने की कहानी बताई।
फिरोजाबाद निवासी लड़की के पिता ने अपनी बेटी की तलाश जारी रखी। उसने आसपास के लोगों से बात की तो उसे शक हुआ कि परिवार को गड्ढे की जरूरत नहीं थी। जब शक बढ़ा तो पुलिस को बुलाकर गड्ढा खोदा गया तो उसमें बेटी का सड़ा-गला शव मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल लड़की पक्ष इसे दहेज का मामला बता रहा है, लेकिन पुलिस का मानना है कि जिस तरह से हत्या की गई है उसके पीछे कुछ और ही वजहें हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
2 साल पहले हुई थी शादी
यूपी के फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद के खैरा मोहल्ला निवासी हाकिम ने पुलिस को बताया, उन्होंने अपनी बेटी तनु की शादी साल 2023 में रोशन नगर निवासी अरुण के साथ की थी। दोनों की कोई संतान नहीं है। रोशन और उसका पिता भूप सिंह कपड़े का काम करते हैं। उन्होंने बेटी की शादी में अपनी हैसियत से बढ़कर खर्च किया था। अरुण भी मैनपुरी का रहने वाला है। 25 साल पहले अरुण का परिवार फरीदाबाद में शिफ्ट हो गया था।
हाकिम का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसकी बेटी को दहेज के लिए तंग करते थे। जब भी परिवार की ओर से तनु के बैंक खाते में कुछ पैसे भेजे जाते, तो ससुराल वाले उन्हें जबरदस्ती निकलवा लेते थे। तनु के साथ मारपीट की जाती। जान से मारने की धमकी तक दी जाती थी। इसके बारे में तनु ने कई बार मायके वालों को भी बताया था।
2 माह पहले लापता हुई
हाकिम ने बताया, 23 अप्रैल को ससुराल वालों ने जानकारी दी कि तनु घर से कहीं चली गई है, तलाश करने पर भी नहीं मिल रही है। आप जा जाओ। इस सूचना के बाद वह बेटी की ससुराल पहुंचा और बेटी की तलाश की। पता नहीं चलने पर दामाद अरुण ने नवीन नगर पुलिस चौकी में तनु की गुमशुदगी की शिकायत दे दी।
हाकिम ने आगे बताया कि वह दामाद की बातों से सन्तुष्ट नहीं था। उसने लगातार अपनी बेटी की तलाश जारी रखी। तनु के मिलने के सभी संभावित स्थानों पर तलाश किया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने बेटी के ससुराल में आस-पास के लोगों से जानकारी लेना शुरू किया तो उसे कुछ सुराग मिले।
सीवरेज का गड्ढा खोदने की बात आई सामने
हाकिम के मुताबिक, उसे शक हुआ कि तनु की हत्या कर दी गई है और घर के बाहर गड्ढा खोदकर शव को उसी में दबा दिया गया है। यह शक उसे दो बातों से हुआ, पहली यह कि जो गड्ढा खुदवाया गया था, उसे परिवार को जरूरत ही नहीं थी। दूसरी यह है कि जिस दिन बेटी लापता हुई, उसी रात को यह गड्ढा खुदवाया गया था।
जिसके बाद हाकिम ने पुलिस को मामले की (Murder of Wife) जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जेसीबी बुलाई और घर के बाहर बनाए गए गड्ढे को खुदवाया। इसमें पुलिस को 5 फिट नीचे तनु का शव बरामद हो गया। शव मिलते ही सब के होश उड़ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।