New Stars of Police : प्रशासनिक परिवार की विरासत है नए कार्यवाहक DGP…11 सीनियर अधिकारियों को पीछे छोड़ संभाली जिम्मेदारी

Spread the love

उत्तर प्रदेश, 02 जून। New Stars of Police : उत्तर प्रदेश के नए कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण ने हाल ही में पदभार ग्रहण किया है। 1991 बैच के इस वरिष्ठ अधिकारी ने 11 सीनियर अधिकारियों को पीछे छोड़ते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली है। उनकी नियुक्ति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से पुलिस भर्ती बोर्ड की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद हुई है, जिसे उन्होंने पारदर्शिता से संपन्न किया था।

यहां आपको बता दें कि उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि काफी प्रभावशाली है। राजीव कृष्ण का परिवार प्रशासनिक और पुलिस सेवा में कई उच्च पदों पर कार्यरत है, जो उनके पेशेवर नेटवर्क और प्रभाव को दर्शाता है। उनकी पत्नी मीनाक्षी सिंह भारतीय राजस्व सेवा की वरिष्ठ अधिकारी हैं, जबकि उनके साले राजेश्वर सिंह बीजेपी विधायक हैं और उनकी बहन आभा सिंह पूर्व आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में वकील हैं।

1991 बैच के आईपीएस अधिकारी

राजीव कृष्ण 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उनका जन्म नोएडा में 26 जून, 1969 को हुआ था। अपने करियर की शुरुआत में राजीव कृष्ण ने बरेली, कानपुर और अलीगढ़ में एएसपी के रूप में काम किया। इसके बाद उन्होंने फिरोजाबाद, इटावा, मथुरा, फतेहगढ़, बुलंदशहर, नोएडा, आगरा, लखनऊ और बरेली जैसे कई जिलों में एएसपी और एसएसपी के तौर पर सेवाएं दीं।

राजीव कृष्ण की नियुक्ति उत्तर प्रदेश पुलिस में (New Stars of Police) सुधार और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में पुलिस विभाग में तकनीकी सुधार और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कार्यकाल की प्रमुख विशेषताएं

  • एटीएस के पहले डीआईजी : राजीव कृष्ण उत्तर प्रदेश के एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड के पहले डीआईजी रहे हैं।
  • तकनीकी पुलिसिंग के प्रणेता : उन्होंने “ऑपरेशन पहचान”, “ई-मालखाना”, और साइबर अपराध जागरूकता अभियानों की शुरुआत की।
  • महिला सुरक्षा में योगदान : महिला बीट और एंटी रोमियो स्क्वॉड की ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली स्थापित की।
  • प्रशासनिक अनुभव : उन्होंने आगरा, लखनऊ, मथुरा, और नोएडा जैसे जिलों में एसएसपी के रूप में कार्य किया है।