Puri Rath Yatra : बिग ब्रेकिंग…पुरी रथ यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा…! भगदड़ में 3 श्रद्धालुओं की मौत…50 से अधिक घायल

Spread the love

पुरी/ओडिशा, 29 जून। Puri Rath Yatra : पुरी में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा के दौरान रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने उत्सव की रौनक को मातम में बदल दिया। सुबह लगभग 4:30 बजे, श्रीगुंडिचा मंदिर के सामने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ में धक्का-मुक्की के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस घटना में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

घटना शरधाबली के पास उस वक्त हुई जब भक्त भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए एकत्रित हुए थे। दर्शन के दौरान भीड़ इतनी अधिक हो गई कि उसे नियंत्रित करना कठिन हो गया। इसी दौरान अफरा-तफरी मच गई, कुछ लोग गिर पड़े और कई लोग उनके ऊपर चढ़ गए। तीन श्रद्धालु भीड़ के नीचे दबकर मौके पर ही दम तोड़ बैठे।

मृतकों की पहचान खुर्दा जिले के निवासी के रूप में हुई है:

  • प्रभाती दास (महिला)
  • बसंती साहू (महिला)
  • प्रेमाकांत महांती (70 वर्षीय पुरुष)

घायलों में कुछ की हालत गंभीर

घायलों को पुरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

पुरी की रथ यात्रा देश की सबसे भव्य धार्मिक यात्राओं में से एक है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के रथों को खींचते हुए श्रीगुंडिचा मंदिर तक लेकर जाते हैं। यह घटना रथ यात्रा के दौरान दर्शन की होड़ में हुई, जो हर साल श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत पवित्र और प्रतीक्षित अवसर होता है।

इस दुखद घटना ने प्रशासन की तैयारियों और भीड़ नियंत्रण (Puri Rath Yatra) की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और भविष्य में भीड़ नियंत्रण को लेकर और सख्त उपाय किए जाएंगे।