भिलाई, 07 अप्रैल। Rape of a Girl Child : कन्या भोज के लिए निकली 6 साल की मासूम के साथ रेप हुआ था। पुलिस ने मौत की गुत्थी सुलझा ली है। बच्ची के साथ रेप की इस घिनौनी वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि उसी के सगे चाचा ने ही अंजाम दिया था। गहरे सदमें की वजह से बच्ची की मौत हो गयी। पुलिस इस मामले में प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा कर रही है।
दरअसल छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में हुई रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई थी। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। महज 6 साल की एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी ने न केवल मानवता को शर्मसार किया, बल्कि पूरे सभ्य समाज पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नवरात्रि जैसे पावन पर्व के दौरान, जब कन्याओं को देवी का रूप मानकर पूजा जाता है, उसी दिन एक मासूम बच्ची हैवानों की दरिंदगी का शिकार बन गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रशासन की प्रतिक्रिया
घटना दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई (Rape of a Girl Child) करते हुए 5 आरोपियों को हिरासत में लिया था। हालांकि पूछताछ में उसका सगा चाचा ही हैवान निकला। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस घटना को दुर्भाग्यजनक बताया और भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने भी आश्वासन दिया कि त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
शव के साथ थाने में बैठ गई मासूम की मां
पीएम के बाद शव को लेकर मां थाने में बैठ गई। कड़ी मशक्कत कर संदेहियों को थाने के भीतर ले जाया गया। घटना के बाद तनाव इतना ज्यादा बढ़ा कि थाने के आसपास भारी संख्या में पुलिस लगाना पड़ा। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। मासूम की मां बार बार इंसाफ की गुहार लगाती रही। उसने बताया कि उसकी बेटी के साथ दरिंदगी हुई है।