Chhattisgarh

Savan Utsav : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भावना बोहरा और कांवड़ियों का बढ़ाया उत्साह…दी शुभकामनाएं

Spread the love

पंडरिया, 27 जुलाई। Savan Utsav : सावन माह में पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ यात्रा का समापन भव्य रूप से हुआ। यह यात्रा 21 जुलाई को अमरकंटक स्थित मां नर्मदा मंदिर से प्रारंभ होकर 27 जुलाई को भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ पूर्ण हुई।

विधायक भावना बोहरा के साथ 300 से अधिक कांवड़ यात्रियों ने सात दिनों तक कठिन मार्गों, घने जंगलों, बीहड़ों, उफनती नदियों और बारिश के बीच श्रद्धा और समर्पण के साथ यह यात्रा पूरी की। यह पहली बार है जब किसी महिला जनप्रतिनिधि ने इतनी लंबी कांवड़ यात्रा का नेतृत्व किया है, जिससे नारी शक्ति और सनातन संस्कृति दोनों को एक नई प्रेरणा मिली है।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने फोन पर बातचीत कर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और कांवड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

भोरमदेव मंदिर पहुँचने पर बोड़ला और मंदिर प्रांगण में हजारों श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों के साथ यात्रा दल का भव्य स्वागत किया। मंदिर में आयोजित भंडारे और महाप्रसादी में 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।