Suspicion of Illicit Relationship : अवैध संबंध के शक में महिला को खंभे से बांधकर पीटा…! भीड़ बनी रही तमाशबीन…गांव में महिला पर बर्बर हमला

Spread the love

पश्चिम गोदावरी/आंध्र प्रदेश, 16 जुलाई Suspicion of Illicit Relationship : आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को अवैध संबंध के संदेह के चलते खंभे से बांधकर सरेआम पीटा गया। यह शर्मनाक घटना जिले के पलकोडेरु मंडल के मोगल्लू गांव में हुई।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक समुद्री खाद्य (सी फूड) कंपनी में काम करती है और अविवाहित है। वह उसी कंपनी में काम करने वाले डोंगा सुब्बाराव नामक व्यक्ति के साथ कार्यरत थी। सुब्बाराव की पत्नी और उसके परिजनों को संदेह था कि दोनों के बीच अवैध संबंध हैं। इसी शक के आधार पर सुब्बाराव की पत्नी और परिवार की अन्य महिलाओं ने बुधवार को महिला को जबरन उसके घर से बाहर निकाला, खंभे से बांधा और उसकी पिटाई कर दी।

तमाशबीन रही भीड़

घटना के दौरान गांव में दर्जनों लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी महिला की मदद के लिए आगे नहीं आया। पीड़िता बार-बार चीखती रही, मदद की गुहार लगाती रही, लेकिन भीड़ मूक दर्शक बनी रही।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही पलकोडेरु थाने के सब-इंस्पेक्टर रवि वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत महिला को बचाया और भीमावरम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही, घटना में शामिल कई महिलाओं को हिरासत में लिया। एसआई रवि वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है, और अपराध में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

मानवाधिकार और कानून व्यवस्था पर सवाल

यह घटना एक बार फिर सामाजिक न्याय, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। किसी भी संदेह या आपसी विवाद को कानून हाथ में लेकर हल करने की बजाय, स्थानीय पंचायत या पुलिस से समाधान लेना ही एक सभ्य समाज का तरीका है।

मोगल्लू गांव में महिला (Suspicion of Illicit Relationship) के साथ जो कुछ भी हुआ, वह कानून और इंसानियत दोनों के खिलाफ है। पीड़िता की मदद के बजाय तमाशा देखने वाली भीड़ भी इस अमानवीयता की दोषी मानी जा सकती है। पुलिस की तत्परता ने पीड़िता को राहत पहुंचाई है, लेकिन यह घटना महिला सुरक्षा को लेकर एक गहरी चिंता जरूर पैदा करती है।