Spread the love

झांसी, 02 जून। Whole Family Death : जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए युवक ने ससुराल की किचन में फांसी के फंदे पर लटककर खुदकुशी कर ली। किचन के बगल वाले कमरे में उसकी पत्नी और मासूम बच्चे का शव भी फांसी के फंदे पर मिला।
आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पत्नी और बेटे की हत्या कर उनके शव को फांसी पर लटका और फिर खुद भी खुदकुशी कर ली। सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह है पूरा मामला

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पठौरिया मोहल्ला निवासी नीलेश की शादी लगभग 10 साल पहले प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित नैनागढ़ में रहने वाले टेंट हाउस के संचालक मोनू की बहन प्रियंका के साथ हुई थी। नीलेश टैक्सी चलाता था। पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता था।

शादी के लगभग 5 साल बाद उनके यहां हिमांशु का जन्म हुआ। बेटे के जन्म के बाद कुछ समय तो ठीक चला, मगर बाद में फिर पति-पत्नी में झगड़े होने लगे। बताया जाता है कि इसकी शिकायत प्रियंका ने कई बार अपने मायके वालों से की थी।

29 मई को प्रियंका के भाई मोनू के लड़के प्रिंस की पहली सालगिरह थी। इसमें शामिल होने के लिए नीलेश, प्रियंका व हिमांशु भी 28 मई को नैनागढ़ पहुंच गए थे। मायके वालों के अनुसार जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद दोनों में वहां पर भी विवाद हुआ, लेकिन रिश्तेदारों के समझाने पर वह मान गए।

ससुराल में रुक गया था परिवार

जन्मदिन के बाद नीलेश पत्नी व बच्चे के साथ ससुराल में ही रुक गया। 1 जून (शनिवार) को ससुराल के लोग किसी रिश्तेदारी में गए थे। सास कमलेश व उनके पति बल्लमपुर गए थे और प्रियंका का भाई, भाभी व अन्य लोग किसी दूसरी रिश्तेदारी में गए थे।

घर पर नीलेश, प्रियंका व हिमांशु अकेले थे। रात लगभग 8 बजे जब प्रियंका का भाई-बहन व अन्य लोग घर वापस आए तो देखा कि दरवाजे खुले हुए थे। वह आशंकित होते हुए अंदर गए तो किचन में नीलेश का शव फांसी के फंदे पर लटका था। वह घबरा गए और उन्होंने बगल वाले कमरे में जाकर देखा तो वहां प्रियंका व हिमांशु के शव भी फांसी के फंदे पर लटके थे।

पुलिस ने बताया

एसएसपी राजेश एस. के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच आपसी कलह का प्रतीत हो रहा है। घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने आशंका जताई कि नीलेश ने पहले अपनी पत्नी प्रियंका की हत्या कर उसका शव फंदे पर लटका दिया और इसके बाद बेटे को फंदे पर लटका दिया। इसके बाद दूसरे कमरे में नीलेश ने फांसी पर लटककर खुदकुशी कर (Whole Family Death) ली।