Champai Soren : अटकलों पर पूर्ण विराम…! Ex CM चंपाई सोरेन 30 अगस्त को BJP में होंगे शामिल

Spread the love

नई दिल्ली, 27 अगस्त। Champai Soren : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने पर मुहर लग गई है। वह 30 अगस्त को आधिकारिक रूप से पार्टी की सदस्यता लेंगे। दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के बागी वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन के बीजेपी में शामिल होने पर फैसला हुआ। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी पुष्टि की है। अब ऐसी भी चर्चा है कि 30 अगस्त को चंपाई सोरेन के साथ-साथ जेएमएम के कई बड़े नेता भी बीजेपी में उनके साथ शामिल हो सकते हैं।

हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें गृह मंत्री अमित शाह और चंपाई सोरेन की मुलाकात की तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे देश के प्रतिष्ठित आदिवासी नेता चंपाई सोरेन जी ने कुछ समय पहले माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात की। वे आधिकारिक तौर पर 30 अगस्त को रांची में बीजेपी में शामिल होंगे।”

बता दें कि इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि चंपाई सोरेन अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं औऱ आगामी झारखंड विधानसभा चुनावों में बीजेपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ सकते हैं। जेएमएम से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने तीन विकल्प बताए थे। उन्होंने कहा था कि ‘मैं राजनीति से संन्यास नहीं लूंगा। मैंने तीन विकल्प बताए थे, रिटायरमेंट, संगठन या दोस्त. मैं रिटायर नहीं होऊंगा, मैं पार्टी को मजबूत करूंगा, नई पार्टी बनाऊंगा और अगर रास्ते में कोई अच्छा दोस्त मिलता है, तो उसके साथ आगे बढ़ूंगा।’

कोल्हान टाइगर कितने पावरफुल?

कोल्हान टाइगर चंपाई सोरेन झारखंड की प्रभावशाली संथाल जनजाति से आते हैं. 2011 की जनगणना के मुताबिक झारखंड की कुल 3 करोड़ 29 लाख 88 हजार 134 की आबादी में जनजातियों की भागीदारी 86 लाख 45 हजार 42 लोगों की है। इसमें भी अकेले संथाल आबादी ही 27 लाख 54 हजार 723 लाख है।चंपाई सोरेन संथाल जनजाति के शीर्ष नेताओं में गिने जाते हैं। झारखंड राज्य की मांग को लेकर हुए आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले चंपाई की अन्य जनजाति के लोगों के बीच भी मजबूत पैठ मानी जाती है।

चंपाई सोरेन जिस कोल्हान रीजन से आते हैं, उस रीजन में सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिले आते हैं। इन तीन जिलों में विधानसभा की 14 सीटें हैं। 2019 के झारखंड चुनाव में बीजेपी इस रीजन में खाता तक नहीं खोल पाई थी। जेएमएम को इस रीजन की 11 सीटों पर जीत मिली थी जबकि दो सीट पर कांग्रेस और एक से निर्दलीय उम्मीदवार को जीत मिली थी।