नई दिल्ली, 27 अप्रैल। NCERT : भारत के स्कूली शिक्षा ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए, नेशनल करिकुलम फ्रेमवर्क (NCF) के तहत कक्षा 7 की नई NCERT सामाजिक विज्ञान की किताबों में इतिहास की प्रस्तुति को पूरी तरह से नया रूप दिया गया है। अब छात्रों को मुगल साम्राज्य और दिल्ली सल्तनत के अध्याय नहीं पढ़ाए जाएंगे। इनकी जगह मगध, मौर्य, शुंग और सातवाहन जैसे प्राचीन भारतीय राजवंशों पर आधारित अध्याय जोड़े गए हैं, जो भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और “भारतीय लोकाचार” को केंद्र में रखते हैं।

क्या बदला है?
- मुगलों और सल्तनत का इतिहास हटाया गया, जो अभी तक भारत की मध्यकालीन राजनीति का मुख्य हिस्सा था।
- प्राचीन भारत के राजवंशों को प्राथमिकता दी गई है — मगध, मौर्य, शुंग, सातवाहन जैसे वंशों के साथ-साथ उनके सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक योगदान पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
- 2025 के प्रयागराज महाकुंभ मेले का विशेष संदर्भ भी नई किताब में जोड़ा गया है, जिससे छात्रों को समकालीन सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ा जा सके।
भाषा में भी बदलाव
नई किताबों में संस्कृत शब्दों का समावेश बढ़ाया गया है। उदाहरण के तौर पर:
- जनपद – “जहां लोग बसे हैं”
- सम्राज – “सर्वोच्च शासक”
- अधिराज – “अधिपति”
- राजाधिराज – “राजाओं का राजा”
इन शब्दों को छात्रों को भारतीय भाषाई परंपरा से जोड़ने के उद्देश्य से शामिल किया गया है।
मकसद क्या है?
NCERT और शिक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह बदलाव बच्चों में भारतीयता, सांस्कृतिक गर्व और ऐतिहासिक गहराई को समझाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। यह कदम भारतीय सभ्यता के मूल तत्वों को उजागर करने की कोशिश है, जिसे लंबे समय से पाठ्यक्रम में सीमित रूप में पढ़ाया जा रहा था।
हालांकि, कुछ शिक्षाविदों और इतिहासकारों ने इस पर बहस शुरू कर दी है, जिसमें यह सवाल उठाया जा रहा है कि क्या इससे छात्रों को भारत के इतिहास की संतुलित समझ मिल पाएगी।
3 किताबों को 1 में मर्ज किया
दरअसल, NCERT ने हिस्ट्री, जियोग्राफी और सोशल एंड पॉलिटिकल लाइफ की 3 अलग-अलग किताबों को 1 में मर्ज किया है। इसका नाम एक्सप्लोरिंग सोसाइटी- इंडिया एंड बियॉन्ड पार्ट 1 है। जल्द ही इसका पार्ट 2 जारी होगा। ये किताबें 2025-26 सेशन से लागू होंगी।
‘मैरीगोल्ड’ का नाम ‘मृदंग’ किया
हाल ही में, NCERT ने विभिन्न कक्षाओं के लिए किताबों के नए नाम जारी किए। कक्षा 1 और कक्षा 2 की इंग्लिश किताबों का नाम मैरीगोल्ड (MARIGOLD) से बदलकर ‘मृदंग (MRIDANG)’ और कक्षा 3 की पुस्तक का नाम ‘संतूर (SANTOOR)’ रखा गया है।
कक्षा 6 की की इंग्लिश किताब का नाम ‘हनीसकल (HONEYSUCKLE)’ से बदलकर ‘पूर्वी (POORVI)’ कर दिया गया है। मैथ्स की किताबों के लिए भी यही पैटर्न अपनाया गया है। कक्षा 6 की गणित की किताब, जो पहले इंग्लिश में मैथमेटिक्स और हिंदी में गणित थी, अब दोनों भाषाओं में यह गणित नाम से आएगी।
