अयोध्या, 06 अप्रैल। Ram Lala Ka Suraj Tilak : रविवार को चैत्र नवरात्रि का आखिरी दिन होने के साथ ही रामनवमी के चलते अयोध्या में उत्सव सा नजारा है। बड़ी संख्या में लोग रामलला के दर्शन को पहुंच रहे हैं। रविवार को दोपहर 12 बजे रामलला का जन्म होगा।
इसी दौरान रामलला के मस्तक पर सूर्य की किरणों से अभिषेक किया जाएगा। 12 से 12.4 बजे तक रामलला का सूर्य तिलक होगा। 4 मिनट के सूर्य तिलक को पूरी दुनिया (Ram Lala Ka Suraj Tilak)देखेगी। वहीं, धनिया मेवा पंजीरी के प्रसाद का वितरण भक्तों को किया जाएगा।
रामनवमी के चलते रविवार को देर रात तक दर्शन होंगे। सुबह साढ़े छह बजे से दर्शन शुरू हो जाएंगे। सुबह साढ़े सात बजे मंगला आरती होगी। सुबह साढ़े नौ बजे शहद, दुग्ध, सरयू जल, गंध से रामलला का अभिषेक किया जाएगा।
एक घंटे अभिषेक के बाद पांच मिनट के लिए पर्दा गिरेगा। उसके बाद फिर प्रभु रामलला का विशेष श्रृंगार होगा। दोपहर पौने 12 बजे पट बंद होंगे। रामनवमी पर रामलला को 56 भोग लगाया जाएगा। रामनवमी पर सभी वीआईपी पास रद्द कर दिए गए हैं।
रामनवमी के भव्य आयोजन के लिए अयोध्या में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार ने बताया कि अयोध्या को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए भारी वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से भेजा (Ram Lala Ka Suraj Tilak)जाएगा। उन्होंने कहा कि महाकुंभ की तरह ही वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर में दर्शन के लिए सभी विशेष पास सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक रद्द रहेंगे और आम श्रद्धालुओं को प्राथमिकता दी जाएगी। अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि रामनवमी पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंडलायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं को गर्मी और धूप से बचाने के लिए राम मंदिर और हनुमानगढ़ी सहित प्रमुख स्थलों पर छाया और चटाई की व्यवस्था की गई (Ram Lala Ka Suraj Tilak)है। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख स्थलों पर ठंडा पेयजल उपलब्ध रहेगा।
गर्मी के चलते मेला क्षेत्र के सभी अस्थायी स्वास्थ्य केंद्रों पर ओआरएस घोल की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने 14 स्थानों पर अस्थायी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए हैं, जिनमें पर्याप्त संख्या में डॉक्टर नियुक्त हैं। इसके अतिरिक्त, आपात स्थिति में तत्काल उपयोग के लिए लगभग सात स्थानों पर 108 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं।
राम जन्मोत्सव का सीधा प्रसारण सूचना विभाग द्वारा स्थापित एलईडी डिस्प्ले और विभिन्न एलईडी डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से किया जाएगा। अयोध्या में रामनवमी पर भव्य महोत्सव की तैयारी की गयी है और इस मौके पर श्रद्धालुओं पर ड्रोन के जरिये सरयू के जल से फुहार की जाएगी।