MP Kaushal Kishore : लखनऊ से बड़ी खबर…! केंद्रीय मंत्री के घर में युवक की हत्या

Spread the love

लखनऊ, 01 सितंबर। MP Kaushal Kishore : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर आ रही है। यहां केंद्रीय राज्यमंत्री और मोहनलालगंज सीट से सांसद कौशल किशोर के लखनऊ के दुबग्गा स्थित घर पर युवक की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना से राजधानी में हड़कंप मच गया। मृतक युवक की पहचान विनय श्रीवास्तव के तौर पर हुई। विनय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर का दोस्त था और उन्हीं के साथ रहता था।

मंत्री के बेटे की पिस्टल से चली गोली

बताया जा रहा है कि सांसद के बेटे विकास किशोर की पिस्टल से गोली चली है। पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।

दुबग्गा के बेगरिया में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर का नया मकान है। यहां पर भाजपा कार्यकर्ता विनय श्रीवास्तव (24) बीजेपी सांसद के बेटे विकास किशोर के साथ रहता था। शुक्रवार तड़के चार बजे विकास किशोर की पिस्टल से फायर हो गया। गोली विनय के सिर में जा लगी। विनय का शव बेड के पास जमीन पर पड़ा मिला है। मौके पर अजय रावत, अंकित वर्मा, शमीम बाबा और बंटी समेत दो अन्य लोग मौजूद थे। परिजनों ने अजय, अंकित और शमीम पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

मंत्री ने दी पुलिस को जानकारी

मंत्री कौशल किशोर ने घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर को दी। उसके बाद डीसीपी वेस्ट राहुल राज, एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा, एसीपी चौक सुनील सिंह समेत अन्य अफसर फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। डीसीपी ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ (MP Kaushal Kishore) की जा रही है।